श्री भक्तमाल ग्रंथ क्या है? भाग १ भक्तमाल रचियता नाभादास जी की कथा और महात्म्य

भक्त भक्ति भगवंत गुरु चतुर नाम वपु एक। इन के पद वंदन किए नासति विघ्न अनेक॥

भक्तमाल ग्रंथ क्या है ?

श्री भक्तमाल’ परम भागवत, ब्रह्मा जी के अवतार,  श्री नाभाजी महाराज द्वारा रचित वह अलौकिक ग्रंथ है, जिसमें चारों युगों के भगवद्भक्तों, आचार्यों और संतों के पवित्र चरित्रों का स्मरण किया गया है। ग्रंथ के मंगलाचरण में ‘भक्त, भक्ति, भगवन्त और गुरु – इन चारों को एक ही स्वरूप (वपु एक)’ कहा गया है। इसका अर्थ है कि ये चारों एक-दूसरे से सर्वथा अभिन्न हैं; इनमें से किसी एक से भी प्रेम हो जाने पर शेष सभी स्वतः प्राप्त हो जाते हैं।

भक्तमाल ग्रंथ भक्तों के परम पवित्र चरित्ररूपी पुष्पों की एक परम रमणीय माला है, जिसे परब्रह्म परमात्मा प्रभु नित्य-निरंतर अपने कंठ में धारण किए रहते हैं। श्री भक्तमाल के भक्त-चरित्रों और उनकी प्रामाणिक व्याख्याओं को पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास है – ताकि इन गाथाओं के श्रवण और मनन से हृदय निर्मल हो, तीनों तापों से मुक्ति का मार्ग खुले और हृदय में श्रीहरि का अटल वास हो।

कलियुग में मनुष्य जीवन का परम लक्ष्य और संतों की शरण

मानव देह मिलने के बाद भी संसार के प्रपंचों और दुःखों में भटकते मनुष्य की वास्तविक स्थिति।

भगवान्‌‌ को बाह्य दिखावा या कपट कभी प्रिय नहीं है, उन्हें केवल एक निर्मल हृदय ही अतिप्रिय है। किंतु संसार की भागदौड़ और सांसारिक प्रपंचों में उलझकर मनुष्य का अंतःकरण धीरे-धीरे मलिन हो जाता है। इस हृदय को पवित्र करने और जीवन में भक्ति का मार्ग प्रशस्त करने का सबसे सरल और अचूक उपाय है – भगवद्भक्तों के पावन चरित्रों का श्रवण, मनन और स्मरण करना। भक्तों की श्रद्धा, सेवा, धैर्य, वैराग्य और भगवद्-आश्रय की गाथाएँ हृदय में विनय, दैन्य तथा शरणागति का भाव जगाती हैं और भगवच्चरणों में सहज अनुराग उत्पन्न करती हैं।

शास्त्रों और संत-महापुरुषों का अत्यंत स्पष्ट और अकाट्य उद्घोष है –

“विपद विस्मरणं विष्णुः, स्मरणं नारायणस्मृतिः”।

अर्थात्, भगवान् और उनके प्रेमी भक्तों की पावन लीलाओं को, उनके चरित्रों को भूल जाना ही मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी विपत्ति और महान दुःख है; तथा उनका निरंतर स्मरण बने रहना ही जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति और परम सुख है।

सनातन वैष्णव संस्कृति और भक्ति-साहित्य में ‘श्री भक्तमाल’ ग्रंथ कोई सामान्य इतिहास, आख्यान या साधारण जीवनी-संग्रह मात्र नहीं है। यह कलियुग के तप्त, भटके हुए और अनाथ जीवों के लिए साक्षात् भक्ति का कल्पतरु और भगवत्प्राप्ति का जीवंत महातीर्थ है। इसके पृष्ठों में केवल संतों के नाम और तिथियाँ दर्ज नहीं हैं, बल्कि उनके पावन चरित्रों का वह अमृत प्रवाहित होता है, जिसके आचमन से मनुष्य के हृदय के सारे संताप स्वतः शांत हो जाते हैं।

रामचरितमानस और श्री भक्तमाल: सनातन धर्म के दो प्राण-स्तंभ

सोलहवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में सनातन वैष्णव परंपरा में दो ऐसे दिव्य ग्रंथों का प्राकट्य हुआ, जिन पर आज संपूर्ण सनातन धर्म की गरिमा और आस्था सुरक्षित खड़ी है।

जिस प्रकार गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने महर्षि वाल्मीकि के भावों और वेदों के मर्म को आधार बनाकर लोकभाषा में ‘श्री रामचरितमानस’ की रचना की, ठीक उसी कालखंड में रामानंद संप्रदाय के महान संत श्रीनाभादास जी महाराज ने ‘श्री भक्तमाल’ ग्रंथ को प्रकट किया। इन दोनों महाग्रंथों का रचनाकाल लगभग एक ही है।

‘श्री भक्तमाल‘ क्या है?

श्री भक्तमाल’ ग्रंथ के मर्म, इसके नाम के अर्थ और इसके मूल दर्शन को समझने के लिए इसके आरंभिक मंगलाचरण और संतों द्वारा दी गई व्याख्याओं को गहराई से देखना आवश्यक है। यह भक्ति-साहित्य का एक ऐसा विलक्षण काव्य है जिसका एक-एक शब्द गंभीर दार्शनिक रहस्यों को समेटे हुए है।

‘भक्त‘ और ‘माल‘ (माला) का  अर्थ

‘भक्तमाल’ दो शब्दों से मिलकर बना है—‘भक्त‘ और ‘माल‘ (यानी माला)। जिस प्रकार एक सुंदर माला में विभिन्न मणियाँ या पुष्प पिरोए जाते हैं, उसी प्रकार इस जगत रूपी विराट वाटिका में प्रकट होने वाले भक्त-रूपी पावन और सुगंधित पुष्पों को चुनकर श्रीनाभादास जी महाराज ने इस ग्रंथ रूपी माला को गूँथा है। चूँकि यह ग्रंथ भक्तों की पावन माला है, इसीलिए इसका नाम ‘भक्तमाल‘ पड़ा। इस दिव्य पुष्प-मालिका को स्वयं परब्रह्म परमात्मा श्रीहरि नित्य-निरंतर अपने श्रीकंठ में धारण किए रहते हैं। भगवान् को उनके भक्तों का पावन चरित्र अत्यधिक प्रिय है , भगवान् स्वयं पर किये अपराध को तो क्षमा कर देते हैं पर भक्त पर किये किसी अपराध या भक्त का अपमान करने पर कभी क्षमा नहीं करते। 

मंगलाचरण का महामंत्र और ‘वपु एक‘ का सिद्धांत

श्रीनाभादास जी महाराज ने इस अलौकिक ग्रंथ का आरंभ अत्यंत प्रसिद्ध मंगलाचरण के इस दोहे से किया है:

भक्त भक्ति भगवंत गुरु चतुर नाम वपु एक। इन के पद वंदन किए नासति विघ्न अनेक॥

अर्थात् भगवद्भक्त, भगवद्भक्ति, भगवान् और गुरु – कहने को तो ये चार हैं, किंतु वास्तव में इनका स्वरूप एक ही है। इनके चरणों में नमस्कार करने से समस्त विघ्नों का नाश हो जाता है।

मंगलाचरण का यह दोहा ही भक्तमाल ग्रंथ का सर्वस्वसार है और इसी दोहे की आधारशिला पर भक्तमालरूपी ग्रंथ स्थित है। इस रहस्य को और स्पष्ट करते हुए आचार्यचरण समझाते हैं – जिस प्रकार गाय के थन देखने में चार हैं, लेकिन चारों के अंदर एक ही समान दूध भरा रहता है, वैसे ही भक्त, भक्ति, भगवन्त और गुरु – ये चारों अलग-अलग दिखाई देने पर भी सर्वदा और सर्वथा अभिन्न हैं। इनमें से किसी एक से भी प्रेम हो जाने पर तीनों स्वतः प्राप्त हो जाते हैं।

 माला के अंगों के माध्यम से चार तत्वों का समन्वय

इस दोहे के आरंभ में ‘भक्त’ शब्द के प्रयोग से श्रीनाभादास जी ने भक्तमाल में भक्त की प्रधानता दिखाई है। जिस प्रकार माला में चार वस्तुएँ मुख्य होती हैं—मणियाँ, सूत्र, सुमेरु और फूँदना (गुच्छा)—वैसी ही व्यवस्था भक्तमाल में है:

मणियाँ: भक्तगण मणियाँ हैं।

सूत्र (धागा): भक्ति वह सूत्र है जिसमें मणियाँ पिरोई जाती हैं।

सुमेरु: माला के ऊपर जो सुमेरु होता है, वे हैं गुरुदेव।

फूँदना (गुच्छा): सुमेरु की गाँठरूपी जो फूँदना होता है, वे स्वयं भगवान हैं।

ठीक उसी प्रकार, जैसे लौकिक माला में मणिको की विशिष्टता के आधार पर उसका नामकरण होता है (यथा—रुद्राक्षमाला, तुलसीमाला), वैसे ही यह भक्तों की प्रधानता वाली माला होने के कारण ‘भक्तमाल’ कहलाई। इस प्रकार श्रीनाभादास जी ने मंगलाचरण के इन प्रारंभिक पदों में गूढ़ रहस्यों की स्थापना कर आगे छप्पय छंदों में भक्तों के अनंत चरित्रों की पावन महिमा का विस्तार किया है।

‘श्री भक्तमाल’ ग्रंथ के रचयिता नाभादास जी महाराज प्राकट्य की कथाएं (ब्रह्मा जी का अंश और हनुमान वंश की कथा)

श्री भक्तमाल’ ग्रंथ के रचयिता गोस्वामी श्रीनाभादास जी महाराज (जिन्हें दीक्षा के उपरांत श्रीनारायणदास भी कहा गया) का प्राकट्य साधारण मानव इतिहास की परिधि में नहीं, बल्कि सीधे भागवत और संत-परंपरा के अत्यंत रहस्यमय एवं अलौकिक धरातल से जुड़ा है। श्री राजेन्द्रदास जी महाराज अपने प्रवचनों में इस कथा का अत्यंत मार्मिक दिग्दर्शन कराते हैं कि कैसे द्वापर युग की एक लीला से जुड़ा ब्रह्मा जी के द्वारा किया गया एक प्रायश्चित्त इस प्राकट्य का मूल कारण बना और मारवाड़ की धरती पर एक हनुमान जी के उपासक, एक ऋग्वेद्री ब्राह्मण के वंश में प्राकट्य की कथा।

द्वापर युग में ब्रह्मा जी द्वारा बालकृष्ण के सखा और गाय बछड़ों का हरण और प्रायश्चित्त

द्वापर युग में जब भगवान श्रीकृष्ण ब्रज में अपने सखाओं के साथ खेल रहे थे, तब ब्रह्मा जी यह देखकर मोह में पड़ गए कि यह परब्रह्म परमात्मा ग्वाल-बालों की जूठन खा रहे हैं और उनके साथ सहज भाव से खेल रहे हैं।

इसलिए उन्होंने मोहवश सोचा ये परब्रह्म परमात्मा नहीं हो सकते, जिनके लिए मंदिरों में विधिवत भोग बनाने और भगवान को अर्पण करने के लिए अत्यंत सावधानी और स्वच्छता का विधान है वे अपने मित्रों का जूठा भोजन कैसे खा सकते हैं, “वशिष्ठ-विश्वामित्र जैसे महान ऋषि बड़े-बड़े विधि-विधान और श्रौत यज्ञ करते हैं, जिनमें प्रत्यक्ष प्रकट होकर भगवान कुछ नहीं खाते, और यह कैसा परब्रह्म परमात्मा है जो ग्वाल-बालों की जूठन खा रहा है?” इस मोह के वशीभूत होकर ब्रह्मा जी ने भगवान की परीक्षा लेने के लिए उनके सभी सखाओं और गाय-बछड़ों का हरण कर लिया।

 ब्रह्मा जी का प्रायश्चित्त और श्रीनाभादास जी के रूप में प्राकट्य

पृथ्वी  के समय अनुसार एक वर्ष तक भगवान् ने स्वयं को ही अपने सभी सखाओं के रूप में प्रकट किया, वे ही सबके वस्त्र लाठी बने वे ही अनेकों रूप लेकर बछड़ा आदि बने, जब एक वर्ष पश्चात ब्रह्मा जी ने विचार किया की ब्रज में सभी परेशान  होंगे इतने सारे बालक गाय बछड़ा आदि सब लुप्त हो गए – तब उन्होंने ब्रज आने का सोचा। 

जब एक वर्ष पश्चात ब्रह्मा जी ने लौटकर देखा तो वे यह देखकर चकित रह गए कि ब्रज में आनंद पहले से भी अनंत गुना बढ़ गया है-बालक भी वही हैं और बछड़े भी वही हैं। ब्रज की स्थिति देख कर उन्हें कुछ अंतर ही नहीं लगा वो सभी लोग जिनका उन्होंने हरण किया था वो सब सकुशल थे।  ब्रह्मा जी कई बार जहाँ उन्होंने सब सखाओं को छुपाया था वहां गए, वहां पर हर बार सभी दिखे और ब्रज में भी।  तब ब्रह्मा जी को अपनी गलती का बोध हुआ, वे समझ गए भगवान् श्री कृष्ण ही सभी रूपों में विद्यमान हैं।   

ब्रह्मा जी से एक बड़ा अपराध हुआ था कि उन्होंने भगवान् के प्रिय सखाओं का भगवान् से वियोग करवाया था – उन्हें इस बात का गहरा पश्चात्ताप हुआ कि जो भक्त भगवान् को वियोग देते हैं या भक्तों को भगवान् से दूर करते हैं, वे सबसे बड़े अपराधी हैं।

भक्त और भगवान् के बीच की उस दूरी को मिटाने, भक्तों के चरणों की सेवा करने और संतों के संकोच को दूर करने के प्रायश्चित्त स्वरूप ही ब्रह्मा जी का यह प्राकट्य कलिकाल में श्रीनाभादास जी के रूप में निर्धारित हुआ।

महाराष्ट्र की पवित्र भूमि और हनुमान वंश की कथा

श्रीनाभादास जी महाराज के प्राकट्य से जुड़ी एक अत्यन्त भावपूर्ण कथा उनके वंश के सम्बन्ध में आती है। श्री राजेन्द्र दास जी महाराज के प्रवचन के अनुसार, महाराष्ट्र की पवित्र भूमि पर एक ऋग्वेदी ब्राह्मण निवास करते थे। वे भगवान् श्रीराम के अनन्य उपासक और श्रीहनुमान जी के परम भक्त थे। उनके मुख पर निरन्तर ‘श्रीराम जय राम जय जय राम’ मंत्र का जप रहता था। उनकी उपासना इतनी गहन थी कि उन्हें श्रीहनुमान जी का कई बार साक्षात्कार प्राप्त हो चुका था। उनके जीवन में सांसारिक सुख-सुविधाओं का अभाव नहीं था, किन्तु वृद्धावस्था तक पहुँचने पर भी उनके कोई पुत्र नहीं हुआ था। धीरे-धीरे उनकी आयु ऐसी अवस्था में पहुँच गई थी, जब पुत्र-प्राप्ति की आशा भी लगभग समाप्त हो चुकी थी।

एक दिन वे अपनी नित्य की भाँति श्रीहनुमान जी के मन्दिर में भजन करने जा रहे थे। मार्ग में एक महिला की दृष्टि उन वृद्ध ब्राह्मण पर पड़ी। उन्हें देखकर उसने कटाक्ष करते हुए कहा, “अरे राम-राम! आज सुबह-सुबह निपूते का मुँह देख लिया। आज का दिन भगवान् जाने कैसे कटेगा! पता नहीं क्या होगा। पुत्रहीन का मुँह देखना पड़ गया!”

उस महिला के ये शब्द वृद्ध ब्राह्मण के हृदय में गहरे उतर गए। वे भगवान् के भक्त थे और सामान्यतः ऐसी बातों से विचलित नहीं होते थे, किन्तु कभी-कभी अनायास कही गई कोई बात भी मन के भीतर छिपे हुए पुराने दुःख को जगा देती है। पुत्र न होने की पीड़ा उनके जीवन में पहले से ही थी। उस दिन महिला के कटु वचनों ने उसी पीड़ा को फिर से उभार दिया। वे श्रीहनुमान जी के मन्दिर पहुँचे और भजन तो करने लगे, किन्तु उनका मन पहले की भाँति प्रसन्न नहीं था।

श्रीहनुमान जी अपने भक्त के हृदय का भाव जान गए। उन्होंने देखा कि आज यह भक्त भजन तो कर रहा है, परन्तु इसके मन में कोई गहरा दुःख है। उन्होंने स्नेहपूर्वक पूछा, “तुम तो प्रतिदिन बड़े प्रेम और प्रसन्नता से रामनाम का कीर्तन करते हो। आज इतने उदास क्यों हो? तुम्हारे मन में क्या बात है?”

यह सुनकर वृद्ध ब्राह्मण ने विनम्रतापूर्वक अपनी व्यथा निवेदित की, “महाराज! मैंने तो जीवन में आपसे कभी कुछ माँगा नहीं और न ही मुझे आपसे कुछ चाहिए। किन्तु आज मन में यह विचार आया कि मेरा जीवन तो अब लगभग पूरा हो चुका है। मेरे कोई पुत्र नहीं है। लोग मुझे देखकर कहते हैं कि निपूते का मुँह देख लिया, पता नहीं आज का दिन कैसा बीतेगा। जब लोग मुझे इस प्रकार देखते और कहते हैं, तो मन में दुःख होता है। अब तो यही लगता है कि जीवन पूरा हो जाए, वही अच्छा है।”

यह सुनकर श्रीहनुमान जी ने अपने भक्त को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि तुम्हारे प्रारब्ध में पुत्र-प्राप्ति का सुख नहीं है, फिर भी तुमने कभी मुझसे कुछ नहीं माँगा। आज भी तुम किसी वस्तु की याचना नहीं कर रहे हो; तुम केवल अपने मन की पीड़ा बता रहे हो। इसलिए मेरी कृपा से तुम्हारा वंश आगे चलेगा और तुम्हारे वंश में एक महान् भक्त तथा संत प्रकट होगा।

श्रीहनुमान जी की इस कृपा से उस ब्राह्मण का वंश आगे चला। श्री भक्तमाल की टीका में प्रियादास जी ने भी श्रीनाभादास जी महाराज के जन्म का उल्लेख करते हुए हनुमान वंश की बात कही है। उनके द्वारा वर्णित पद में श्रीनाभादास जी के जन्म से ही दृष्टिहीन होने का भी संकेत मिलता है। आगे चलकर इसी वंश में श्रीनाभादास जी महाराज का प्राकट्य हुआ, जिन्हें श्रीहनुमान जी की कृपा से जुड़ा महान् भक्त माना गया है।

(नाभादास जी ने असंख्य भगवद्भक्तों के पावन चरित्रों को ‘श्री भक्तमाल’ के रूप में संकलित करके भक्ति-जगत् को अमूल्य निधि प्रदान की।)

भीषण दुर्भिक्ष (अकाल) का वह विकट समय, माता-पिता का परलोक गमन, और जंगल में अकेले छूटे पाँच वर्ष के बालक नाभादास जी की स्थिति।

श्रीनाभादास जी जन्म से ही नेत्रहीन थे। उनके जीवन में प्रारम्भ से ही अनेक कठिनाइयाँ थीं, किन्तु आगे चलकर इन्होने  संतों की कृपा से दिव्य दृष्टि प्राप्त की। उनके बाल्यकाल में एक भीषण अकाल पड़ा । उनके माता-पिता महाराष्ट्र से राजस्थान की ओर आए थे, ताकि इस विपत्ति के समय किसी प्रकार जीवन-निर्वाह हो सके। किन्तु दुर्भाग्यवश, इस यात्रा के दौरान उनके पिता का देहान्त हो गया और कुछ समय बाद माता भी इस संसार से विदा हो गईं। लगभग पाँच वर्ष की अल्पायु में श्रीनाभादास जी महाराज संसार में पूर्णतः अकेले रह गए।

एक ओर भयंकर अकाल का समय, दूसरी ओर माता-पिता का वियोग, और ऊपर से नेत्रों से संसार को देखने में असमर्थ एक छोटा-सा बालक! किन्तु वे वन में अकेला होने पर भी भयभीत नहीं थे ।

सिद्ध संत श्रीकील्ह जी और श्रीअग्रदास जी का आगमन और दिव्य दृष्टि की प्राप्ति

हरिद्वार कुंभ से योगबल से आकाश मार्ग से लौटते हुए रामानंद संप्रदाय के सिद्ध महापुरुष श्रीकील्ह देवाचार्य जी और श्रीअग्रदेवाचार्य जी महाराज का उस जंगल से गुजरना।

जब पाँच वर्ष के बालक श्रीनाभादास जी महाराज अपने माता-पिता को खोकर वन में अकेले रह रहे थे, उसी समय रामानन्द सम्प्रदाय के दो सिद्ध महापुरुष- श्रीस्वामी कील्हदेवाचार्य जी महाराज और श्रीस्वामी अग्रदेवाचार्य जी महाराज – उस क्षेत्र से गुजरे। दोनों महापुरुष श्रीकृष्णदास पयहारी जी महाराज की शिष्य-परम्परा से सम्बन्धित श्रीकील्हदेवाचार्य जी महाराज हरिद्वार में कुम्भ-स्नान करके लौट रहे थे। वे योगबल से आकाशमार्ग द्वारा यात्रा कर रहे थे।

मार्ग में उनकी दृष्टि वन में बैठे एक छोटे बालक पर पड़ी। बालक की आयु बहुत कम थी, वह नेत्रहीन था और उसके माता-पिता भी जीवित नहीं थे; फिर भी उसके चेहरे पर भय, घबराहट अथवा निराशा का कोई चिह्न नहीं था। वह सहज भाव से बैठा हुआ था। दोनों संतों को यह देखकर आश्चर्य हुआ कि इतनी विपरीत परिस्थिति में भी यह बालक इतना निर्भय और निश्चिन्त कैसे है। उन्हें लगा कि इस बालक के भीतर कोई असाधारण संस्कार और आध्यात्मिक सामर्थ्य अवश्य है।

दोनों संत बालक के समीप पहुँचे और स्नेहपूर्वक उससे पूछने लगे, “बेटा, तुम कहाँ से आए हो? तुम्हारा नाम क्या है? इस वन में अकेले क्यों बैठे हो? तुम्हारी रक्षा कौन करता है?”

बालक ने जो उत्तर दिया, वह उसकी अल्पायु के अनुरूप सामान्य उत्तर नहीं था। उसने कहा कि महाराज, आप मेरा नाम पूछते हैं, परन्तु मैं किसे अपना नाम बताऊँ? यह शरीर पाँच महाभूतों के संयोग से बना है। यदि शरीर ही मैं होता, तो शरीर के पाँच तत्त्वों में से किस तत्त्व को अपना वास्तविक स्वरूप कहता? इनके भेदों पर विचार किया जाए तो अनेक तत्त्वों का विवेचन सामने आता है। शरीर में ज्ञानेन्द्रियाँ, कर्मेन्द्रियाँ और अन्तःकरण भी हैं; फिर इनमें से किसे अपना वास्तविक स्वरूप मानकर अपना परिचय दूँ? इस प्रकार उसने शरीर और आत्मा के भेद की ओर संकेत करते हुए अपनी बात रखी।

संतों ने आगे पूछा कि जब तुम यहाँ अकेले हो, तब तुम्हारा रक्षक कौन है? बालक का उत्तर था कि जिसने माता के गर्भ में मेरी रक्षा की, वही आज भी मेरी रक्षा कर रहा है। जब मैं संसार में आया भी नहीं था, तब भी वही मेरा पालन करने वाला था। आज भी उसी का आश्रय है। फिर भय किस बात का?

यह उत्तर सुनकर दोनों संत अत्यन्त प्रसन्न हुए। पाँच वर्ष का एक बालक, जिसने संसार के सामान्य सुख-दुःख का अनुभव भी नहीं किया था, शरीर और आत्मा के भेद तथा परमात्मा की सर्वव्यापी रक्षा के विषय में इतनी गम्भीर बात कह रहा था! संतों ने अनुभव किया कि यह कोई साधारण बालक नहीं है। इसके भीतर पूर्वजन्म के संस्कार और दिव्य सामर्थ्य विद्यमान हैं।

कमण्डलु के जल से दिव्य नेत्रों का प्राकट्य

श्रीनाभादास जी महाराज जन्म से नेत्रहीन थे। संत-परम्परा की कथा के अनुसार, श्रीकील्हदेवाचार्य जी महाराज और श्रीअग्रदेवाचार्य जी महाराज ने बालक पर कृपा करने का निश्चय किया। उन्होंने अपने कमण्डलु में रखे गंगाजल का स्मरण किया और श्रीरामतारक रक्षामन्त्रराज का स्मरण करते हुए उस जल से बालक के नेत्रों का स्पर्श कराया।

कथा के अनुसार, बालक के नेत्र खुल गए और उसके मुखमण्डल पर कमल के समान विशाल नेत्र प्रकट हुए। जिस बालक ने जन्म से संसार को नहीं देखा था, उसे अब देखने की शक्ति प्राप्त हुई। 

संतों ने उस बालक को अपने साथ ले जाने का निश्चय किया। वे उसे जयपुर के निकट स्थित प्रसिद्ध गलता तीर्थ में ले आए। गलता पीठ रामानन्द सम्प्रदाय की महत्त्वपूर्ण साधना-भूमि थी। यहाँ श्रीनाभादास जी महाराज को संतों का सान्निध्य, गुरु-सेवा और भक्ति-साधना का अवसर प्राप्त हुआ।

गलता पीठ में यज्ञोपवीत और पाँच वर्ष की आयु में विरक्त वेश

गलता पीठ (जयपुर) में पहुँचने के बाद बालक श्रीनाभादास जी महाराज के संस्कार और साधना का क्रम आरम्भ हुआ। बसन्त पंचमी के पावन दिन उनका यज्ञोपवीत संस्कार सम्पन्न कराया गया। आश्चर्य की बात यह है कि इतनी छोटी आयु में ही उन्हें विरक्त वेश धारण कराया गया। उनका नाम ‘नारायणदास’ रखा गया और उन्हें गुरु तथा संतों की सेवा में लगा दिया गया।

श्रीनाभादास जी महाराज ने इस सेवा को अत्यन्त प्रेम और विनय से स्वीकार किया। वे संतों की पत्तल उठाते, उनकी सेवा करते और भोजन के पश्चात् पत्तलों में जो प्रसाद के कण शेष रह जाते, उन्हें गुरु-आज्ञा के अनुसार ग्रहण करते थे। उनके लिए संतों की सेवा कोई छोटा कार्य नहीं था। वे संतों के चरणों में अपना जीवन समर्पित करके उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे थे।

================================

संदर्भ ग्रंथ

1. श्री भक्तमाल — श्री नाभादास जी महाराज विरचित; श्री प्रियादास जी कृत भक्तिरसबोधिनी टीका एवं विस्तृत हिंदी व्याख्या सहित। प्रकाशक: गीताप्रेस, गोरखपुर।

2. श्रीमद् गोस्वामी श्रीनाभाजी कृत श्रीभक्तमाल, प्रथम खण्ड — श्रीमत् प्रियादास जी कृत भक्तिरसबोधिनी टीका सहित। टीकाकार: श्री गणेशदास जी ‘भक्तमाली’ (गोवर्धन); भाष्यकार: रामायणी श्री रामेश्वरदास जी (चित्रकूट); संपादक: जगन्नाथदास शास्त्री। प्रकाशक: श्रीरामानन्द पुस्तकालय, श्रीधाम वृन्दावन।

 

1 thought on “श्री भक्तमाल ग्रंथ क्या है? भाग १ भक्तमाल रचियता नाभादास जी की कथा और महात्म्य”

  1. Pingback: श्री भक्तमाल ग्रंथ की रचना और महात्म्य - भाग 2 - bhaktmaal.com

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get in Touch

© 2026 Bhakt Maal. All rights reserved.

Scroll to Top